प्रदेश अध्यक्ष और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को अपने आवास पर एक अहम बैठक बुलाई। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप पांडे, जरनैल सिंह, जितेंद्र सिंह तोमर, ऋतुराज झा, राजेश गुप्ता और कुलदीप कुमार समेत प्रदेश के सभी संगठन मंत्री और जिलाध्यक्ष शामिल हुए। इस बैठक में अगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने बैठक में मौजूद सभी लोगों के साथ आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत की और उनकी राय ली। इसके अलावा बैठक में दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली में शुरू होने वाले वृक्षारोपण अभियान पर भी चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 11 जुलाई से पौधारोपण अभियान की शुरुआत करेगी। इस अभियान के तहत इस साल 64 लाख से ज्यादा पौधे लगाने/वितरण का लक्ष्य तय किया गया है। बैठक के दौरान हमने सभी उपाध्यक्षों, संगठन मंत्रियों और जिला अध्यक्षों से कहा है कि वह ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को इस अभियान में शामिल करें। इस साल हमें पूरी दिल्ली के अंदर ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने हैं जिससे दिल्ली में पहले से ज्यादा हरियाली हो सके।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार जो भी योजना लेकर आती है उसपर भाजपा की सरकार एलजी द्वारा अड़ंगा डालने की कोशिश करती है। केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली में किए जा रहे जनहित कार्यों को भाजपा द्वारा रोकने की साजिश रची जा रही है। निचली अदालत से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने के बाद भी भाजपा ने उनको जेल के अंदर बंद कर रखा है। इस समय मोदी सरकार को अगर विपक्ष के किसी नेता से सबसे ज्यादा डर लगता है तो वह अरविंद केजरीवाल जी हैं। भाजपा सरकार ने फर्जी मुकदमा करके पहले तो अरविंद केजरीवाल जी को ईडी से गिरफ्तार कराया अब जमानत मिलने के बाद उनको सीबीआई से गिरफ्तार करा दिया। जमानत मिलने के बाद भी भाजपा ने अरविंद केजरीवाल जी को जेल के अंदर बंद कर रखा है। हमें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। हमें यकीन है कि अरविंद केजरीवाल जी जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। दिल्ली की जनता भाजपा के इस षड्यंत्र का बदला विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को जिताकर लेगी। दिल्ली में अगामी विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।