आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली की जनता के साथ मिलकर अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कमर कस ली है। ‘‘आप’’ ने वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल से बाहर आते ही विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। मनीष सिसोदिया का मजबूत साथ मिलने से सभी कार्यकर्ता में भारी उत्साह और आत्मविश्वास से लबालब हैं। 17 महीने बाद जेल से बाहर आए मनीष सिसोदिया पदयात्रा कर सीधे जनता के बीच जाकर संवाद कर रहे हैं। इसमें उमड़ रही बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों की भारी भीड़ से साफ है कि मनीष सिसोदिया के प्रति लोगों के अंदर दबा प्यार अब उमड़ कर बाहर आ रहा है। मनीष सिसोदिया की पदयात्रा के साथ-साथ संगठन कोेे मजबेेूत करने का काम भी चल रहा है। मनीष सिसोदिया ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति बनाई है। मनीष सिसोदिया का कहना है कि पदयात्रा को जनता का भारी प्यार और समर्थन मिल रहा है। जिस तरह से भाजपा षड्यंत्र रचकर आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में बंद कर रही है, उससे दिल्ली की जनता में जनता में भारी आक्रोश है।
मनीष सिसोदिया का आगे कहना है कि भाजपा की केंद्र सरकार से दिल्ली की जनता बेहद नाराज है। जिस तरह से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भाजपा ने जेल के अंदर बंद कर रखा है, उसको लेकर जनता में काफी आक्रोश है। केंद्र सरकार चाहती है कि किसी भी तरह से विधानसभा चुनाव तक हमारे नेताओं को जेल के अंदर बंद रख सके। उन्होंने पहले सत्येंद्र जैन और मुझे जेल के अंदर बंद कर दिया। उसके बाद हमारे नेता और दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को षड्यंत्र रचकर जेल के अंदर बंद कर दिया। अब सुप्रीम कोर्ट ने मुझे जमानत दे दी है और मैं बाहर आ गया हूं। अब जल्द ही हमारे नेता अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे। भाजपा ने हमें जेल में रखने के लिए हमारे ऊपर ऐसे कानून लगाए जो आतंकवादियों के ऊपर लगाए जाते हैं। ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करते हुए हमें जेल के अंदर बंद कर दिया, लेकिन हम किसी भी हाल में भाजपा से डरने वाले नहीं है। हम काम की राजनीति करने के लिए आए हैं। जेल से बाहर आकर मैं लगातार लोगों से मिल रहा हूं। मैं बच्चों से मिलने के लिए स्कूलों में जा रहा हूं और पूरी दिल्ली में पदयात्रा निकाल रहा हूं।
उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी दिल्ली में कई अभियान चला रही है और आने वाले समय में और भी कई अभियान जारी किए जाएंगे। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन जारी है। इस सम्मेलन में स्थानीय विधायक अपने साढे चार साल के कामों की रिपोर्ट जनता के सामने रख रहे हैं। अभी तक 70 विधानसभाओं में से 18 विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन का सफल आयोजन हो चुका है। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष शामिल होते हैं। इसके अलावा संगठन मंत्री और अन्य पदाधिकारी भी इस सम्मेलन का हिस्सा होंगे। सोमवार को छतरपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा। हम हर विधानसभा में जाकर लोगों से जुड़ रहे हैं। उन्हें पिछले साढ़े चार सालों में किए गए अपने काम की जानकारी दे रहे हैं। हम सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं। विधानसभा स्तर पर बूथ मैपिंग का काम भी जारी है।
दिल्ली सरकार में मंत्री और प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने शनिवार को ऑटो संवाद अभियान चलाने का एलान किया था। ऑटो संवाद अभियान को लेकर गोपाल राय ने कहा कि ऑटो विंग का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 20 अगस्त से शुरू होगा। इस अभियान का संचालन एक 14 सदस्यीय कमेटी करेगी। दिल्ली के ऑटो चालक अपने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम को जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही दिल्ली का काम रोकने की भाजपा साजिश का सच उजागर करेंगे। इसके लिए ऑटो चालक केजरीवाल के प्रतिनिधि बनेंगे और पूरी दिल्ली के ऑटो स्टैंड पर रोजाना ऑटो संवाद अभियान चलाकर लोगों से बात करेंगे। अरविंद केजरीवाल को जेल में भी ऑटो चालकों की बड़ी चिंता है। मेरा दिल्ली के ऑटो चालकों से अनुरोध है कि भी आप भाजपा के खिलाफ आवाज उठाएं। अगर आप चुनाव में चुप बैठ गए और केजरीवाल सरकार चली जाएगी तो आपको मुफ्त मिल रही बिजली-पानी, स्कूल- अस्पताल की दोगुनी कीमत वसूली जाएगी।
गोपाल राय ने आगे कहा कि जब अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी बनाई तो पूरी दिल्ली में हमारे ऑटो चालक भाइयों को सम्मान मिलने लगा। लोग जानने लगे कि ऑटो चालकों की भी कोई इज्जत होती है। पहले कोई ऑटो चालकों की सुनने वाला नहीं था। सभी पार्टियों की सरकारें बनीं, लेकिन केजरीवाल के नेतृत्व में ‘‘आप’’ सरकार ने ऑटो चालकों का जो सम्मान किया है, इससे पहले किसी पार्टी ने नहीं दिलाया। अरविंद केजरीवाल ने जेल से संदेश दिया है कि सभी पदाधिकारी दिल्ली के सभी 511 ऑटो स्टैंड पर केजरीवाल सरकार के सारे कामों को गिनवाते हुए पूरी दिल्ली में ऑटो संवाद करें। जब तक मैं जेल के अंदर हूं, हमारे सभी ऑटो वाले भाई मिलकर मेरा प्रतिनिधि बनकर ऑटो स्टैंड पर लोगों से संवाद करेंगे और सच्चाई को लोगों तक पहुंचाएंगे। 20 अगस्त से हमें पूरी दिल्ली के अंदर ऑटो संवाद अभियान शुरू करना है। इसमें हम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दिल्ली सरकार द्वारा किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाएंगे।