आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास खाली करेंगे। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाने वाले आप के राष्ट्रीय संयोजक ने स्वेच्छा से इस्तीफा देने और बाद में आधिकारिक आवास खाली करने का फैसला किया है, जबकि ऐसा करने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल केवल अस्थायी रूप से एक नए पते पर जा रहे हैं, क्योंकि दिल्ली के लोग उन्हें फिर से भारी मतों से चुनकर दिल्ली की सत्ता में लाने के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “पद छोड़ने और आधिकारिक आवास खाली करने का उनका फैसला जनता के जनादेश की पवित्रता में उनके विश्वास को दर्शाता है।” कई सांसदों, विधायकों और मंत्रियों सहित दिल्ली भर के समर्थकों और शुभचिंतकों ने अरविंद केजरीवाल को अपने घर में रहने का प्रस्ताव दिया। हालांकि, अरविंद केजरीवाल जी ने अपने विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली में ही रहने का फैसला किया है, जहां से उन्हें लोगों ने चुना था। अब वह अपने परिवार के साथ नई दिल्ली में 5, फिरोजशाह रोड पर आप के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल के आधिकारिक आवास में रहेंगे।
इस घटनाक्रम के बारे में बात करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, “जब अरविंद केजरीवाल जी को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी थी, तो उन पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का कोई दबाव नहीं था। लेकिन उनकी अंतरात्मा पर एक बोझ था।” अरविंद केजरीवाल अपनी अनुकरणीय सार्वजनिक सेवा के लिए जाने जाते हैं। आयकर आयुक्त रहते हुए भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में प्रतिष्ठित करियर छोड़कर उन्होंने दिल्ली की झुग्गियों में एक दशक से अधिक समय तक काम किया। ईमानदारी और निष्ठा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनके पूरे करियर में अटल रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा, “जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों द्वारा दोबारा चुने जाने तक मुख्यमंत्री का पद नहीं संभालने का संकल्प लिया। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने अपना जीवन पूरी ईमानदारी से जिया है, कभी भी एक रुपया भी बेईमानी से नहीं कमाया। उन्होंने जनता की अदालत में जाने और उन्हें फैसला करने देने का फैसला किया है और नवरात्रि शुरू होने के साथ ही वह कल आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास को भी खाली कर देंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा, “विधायकों, मंत्रियों और आप समर्थकों समेत पार्टी के कई सहयोगियों ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को अपने घरों में रहने का निमंत्रण दिया है। बादली, बवाना समेत पूरी दिल्ली से प्रस्ताव आए I उन्होंने बताया कि हमारे विधायक मदन लाल जी ने भी अरविंद केजरीवाल जी को परिवार सहित अपने घर मे रहने प्रस्ताव दिया। उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली में अपने निर्वाचन क्षेत्र में ही रहने का फैसला किया है, जहां से वह चुने गए हैं।”
सौरभ भारद्वाज ने पुष्टि की, कि अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल के घर में शिफ्ट होंगे। “डॉ. मित्तल ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को फिरोजशाह रोड स्थित अपने घर में तब तक रहने की पेशकश की है, जब तक कि अरविंद केजरीवाल जी चुनाव नहीं लड़ लेते और दिल्ली की जनता उन्हें फिर जिता कर दिल्ली की सत्ता पर नहीं बैठा देती। अरविंद केजरीवाल का य़ह नया पता केवल तब तक के लिए होगा, जब तक कि वे लोगों का जनादेश हासिल नहीं कर लेते और दिल्ली में नेतृत्व फिर से नहीं संभाल लेते।”