आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली के विकासपुरी विधानसभा में पदयात्रा कर जनता से सीधा संवाद किया, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक समय था जब त्योहारों पर भी बिजली नहीं रहती थी, अब दिल्ली में 24 घंटे बिजली आती है।10 साल में हमने दिल्ली से सारे पावर कट खत्म कर दिए, अगर गलती से भी भाजपा को वोट दे दिया तो फिर लंबे-लंबे पॉवर कट लगने लगेंगे। मोदीजी कहते हैं केजरीवाल मुफ्त की रेवड़ी बाट रहा है, लोगों को मुफ्त बिजली नहीं मिलनी चाहिए। जितनी राज्यों में भाजपा की सरकार हैं वहां 10-10 घंटे के पावर कट लगते हैं और बिजली भी महंगी है, जबकि दिल्ली में लोगों की बिजली मुफ्त है। इन्होंने एलजी ने जरिए दिल्ली के काम रोकने की कोशिश की, जब हम फिर भी काम करते रहे तो मुझे जेल भेज दिया। अब मैं आ गया हूं, सारे काम फिर शुरु हो जाएंगे, सीवर की सफाई और सड़कों की मरम्मत चालू हो गई है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विकासपुरी विधानसभा में पदयात्रा के दौरान कहा कि पिछले दस साल से दिल्ली के लोग हमें चुनते आ रहे हैं। हमने दिल्ली में कई काम किए हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सब दिल्ली के बगल में हैं; उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में इनकी सरकारें हैं। आप कहीं भी फोन करके पूछ लीजिए, इनमें से किसी भी राज्य में 24 घंटे बिजली नहीं आती है। जबकि दिल्ली में 24 घंटे बिजली आती है, लोग जनरेटर और इनवर्टर का इस्तेमाल नहीं करते हैं। अगर भाजपा को वोट दे दिया तो दिल्ली में पहले की तरह 10-10 घंटे के पावर कट लगने शुरू हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में फोन करके पूछ लेना, वहां 10-10 घंटे बिजली नहीं आती है और वहाँ बिजली बहुत महंगी है, जबकि दिल्ली में बिजली का बिल शून्य आ रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि भाजपा वाले गाली देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि केजरीवाल मुफ्त की रेवड़ी बांट रहा है, बिजली मुफ्त नहीं होनी चाहिए। भाजपा वाले आ गए तो ये मुफ्त बिजली बंद कर देंगे। गलती से भी वोट मत दे देना, ये आपकी मुफ्त बिजली बंद कर देंगे। भाजपा वाले कहते हैं कि महिलाओं का मुफ्त बस सफर बंद होना चाहिए। इन्होंने कई चीजें बंद करने की कोशिश की है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के सरकारी स्कूल अच्छे हैं। हमारी सरकार आने से पहले बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ते थे। स्कूल भवनों की छतें टूटी पड़ी थीं और फर्श टूटे हुए थे। मैंने आपके बच्चों के लिए काम किया, उनके स्कूल शानदार कर दिए, जो आज तक किसी सरकार ने नहीं किया। अगर आपने गलती से भाजपा की सरकार बना दी, तो ये सरकारी स्कूलों का कबाड़ा कर देंगे। मोहल्ला क्लीनिक में दवाइयां मुफ्त कर दीं और अस्पतालों में इलाज मुफ्त कर दिया। ये लोग सब बंद कर देंगे। पिछले दस सालों से ये केवल हमारे काम रोकने में लगे हैं। पहले इन्होंने एलजी के जरिए हमारे काम रोके, लेकिन हमने काम नहीं रुकने दिया तो इन्होंने मुझे जेल में डाल दिया। मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने मुझे जेल में इसलिए नहीं डाला कि मैंने कोई गलत काम किया था, बल्कि इन्होंने दिल्ली के काम रोकने के लिए मुझे जेल में डाला। जब से मैं बाहर आया हूं, मैंने सारे काम शुरू करवा दिए। सीवरों की सफाई शुरू करवा दी। सड़कें बनानी शुरू कर दीं। वृद्धावस्था पेंशन मिलने लगी। सभी योजनाएं शुरू हो रही हैं। जिनकी सड़कें टूटी हैं, वे बन जाएंगी। जिनके सीवर ओवरफ्लो कर रहे हैं, वे ठीक हो जाएंगे। सफाई करा दूँगा। मैं बाहर आ गया हूं। अब भाजपा वाले षड्यंत्र रच रहे हैं कि किसी भी तरह दिल्ली की सत्ता हासिल करो और दिल्ली के काम रोको। अब चाबी दिल्ली की जनता के हाथ में है, किसी भी तरह भाजपा को वोट मत देना। अपनी गली मोहल्ले में भी सबको बताना, एक भी वोट भाजपा को नहीं पड़ना चाहिए।