दिल्ली में कांग्रेस को रविवार को बहुत बड़ा झटका लगा है। पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर विधानसभा से पांच बार विधायक रह चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी मतीन अहमद अब आम आदमी पार्टी परिवार के सदस्य बन गए हैं। रविवार को “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की टोपी और पटका पहना कर सदस्यता दिलाई। 1993 से 2015 के दौरान मतीन अहमद सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में पांच बार विधायक रहे हैं। वह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और दिल्ली वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने मतीन अहमद का आम आदमी पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह यमुना पार क्षेत्र की जनता के बीच में रहकर उनकी सेवा करते आए हैं।
रविवार को पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी मतीन अहमद ने अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें “आप” परिवार में शामिल कराया। इस दौरान “आप” के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज चौधरी साहब सही पार्टी में आ गए हैं, देर आए दुरुस्त आए। दिल्ली की राजनीति में चौधरी साहब एक बहुत बड़ा चेहरा हैं। जिन कामों की वजह से आम आदमी पार्टी जानी जाती है कि हम जनता की सेवा करते हैं। 24 घंटे जनता के बीच में रहते हैं, जनता के सुख-दुख में काम आते हैं, उसी वजह से चौधरी साहब का भी उनके इलाके में नाम है। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि यमुना पार क्षेत्र में चौधरी मतीन अहमद जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करते आए हैं। चौधरी साहब का आम आदमी पार्टी में स्वागत है।
वहीं, आम आदमी पार्टी में शामिल होने पर चौधरी मतीन अहमद ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैने अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। आप परिवार का हिस्सा बनाने के लिए मै अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करता हूं। अब मेरा एकमात्र उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना है।