आम आदमी पार्टी दिल्ली की अलग-अलग विधानसभाओं में पदयात्रा के जरिए लोगों से सीधा संवाद कर रही है और उन तक अरविंद केजरीवाल का संदेश पहुंचा रही है। इसी क्रम में लगातार मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, मुकेश अहलावत और दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़लान ने मटियाला, विश्वास नगर, आरके पुरम, जनकपुरी और पटेल नगर विधानसभा में पदयात्रा निकाली और लोगों से संवाद कर उन्हें केजरीवाल की चिट्ठी दी। स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अगर भाजपा को वोट दिया तो वो दिल्लीवालों की सारी सुविधाएं बंद कर देगी इसलिए दिल्लीवाले अरविंद केजरीवाल को सभी 70 सीटें जिताएं।केजरीवाल दिल्लीवालों को मुफ्त बिजली-पानी, शिक्षा-इलाज, महिलाओं को फ्री बस यात्रा, बुजुर्गों को फ्री तीर्थयात्रा की सुविधाएं दे रहे थे, इसलिए भाजपा ने उन्हें जेल में डलवाया। वहीं मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा दिल्ली के गरीब बच्चों को नौकरी से निकाल रही है, उसने बस मार्शलों और अस्पतालों को काम करने वालों को निकाला और अब डीसीडब्ल्यू की महिलाओं को निकाल दिया। बीजेपी दिल्ली को ठप्प करना चाहती है, लेकिन हम उसे सफल नहीं होने देंगे और केजरीवाल को दोबारा मुख्यमंत्री बनाएंगे।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने मटियाला विधानसभा की जनता से संवाद करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अरविंद केजरीवाल का पत्र दिल्ली के घर-घर पहुंचाना है। हमें दिल्ली की जनता को बताना है कि अरविंद केजरीवाल को इसलिए जेल में डाला गया क्योंकि उन्होंने दिल्ली के लोगों को मुफ्त बिजली-पानी, मुफ्त शिक्षा-इलाज, बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा और महिलाओं को बस में मुफ्त यात्रा दी। अगर गलती से भाजपा सत्ता में आती है तो ये सारी सुविधाएं बंद हो जाएंगी। इसलिए हम जनता तक बात पहुंचा रहे हैं कि पिछले बार उन्होंने हमें 62 सीट दी थी, इस बार 70 की 70 सीटें देकर आम आदमी पार्टी को जिताएं। अब अरविंद केजरीवाल जब से आए हैं, सारे काम शुरु हो गए। हमारे विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और केजरीवाल पूरी दिल्ली में विकास का काम कर रहे हैं। इसलिए उन्हें जबरदस्ती जेल में डाला गया।
‘आप’ के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने विश्वास नगर की जनता से संवाद करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के हर नेता को जेल में डाला गया ताकि पीछे से काम रोक दिए जाएं। अरविंद केजरीवाल को छह महीने तक झूठे मुकदमे में जेल में डाला गया। उनकी शुगर की दवाई बंद कर गई, उन्हें परेशान किया गया। भाजपा की सरकार पिछले दो साल से दिल्ली में क्या रही है? भाजपा गरीब लोगों के बच्चों को नौकरी से निकालकर बेरोजगार कर रही है। केंद्र सरकार ने पहले दस हजार बस मार्शलों को नौकरी से निकाला और सोमवार को दिल्ली महिला आयोग में काम रहीं 215 महिलाओं को भी नौकरी से निकाल दिया गया। भाजपा को नौकरी से निकाले गए लोगों और उनके परिवारों की चिंता नहीं है। वो बस दिल्ली को तहस-नहस करने पर लगी हुई है। लेकिन अब अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आ गए और दिल्ली के काम फिर से शुरू हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल का वादा है कि चाहे लड़ना पड़े, चाहे गाली खानी पड़े, चाहे इनके पैर पकड़ने पड़े, वो जनता के काम रुकने नहीं देंगे।भाजपा की 22 राज्यों में सरकार है। वहां के लोग इनसे पूछ रहे हैं कि जब अरविंद केजरीवाल मुफ्त बिजली-पानी, मुफ्त इलाज- शिक्षा, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थयात्रा दे सकते हैं तो तुम क्यों नहीं दे सकते। इस सवाल को बंद करने के लिए भाजपा ने दिल्ली को ठप्प करने की ठानी है। अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो वो सारी सुविधाएं बंद कर देंगे। इसलिए हम सब लोगों को दिल्ली के एक-एक घर में जाना है और सबको बोलना है कि भाजपा की इस साजिश को हम पूरा नहीं होने देंगे और अरविंद केजरीवाल को चुनकर दोबारा मुख्यमंत्री बनाएंगे।