एक लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शिक्षा के जनक दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को जमानत दे दी। करीब 17 महीने से एक फर्जी केस में जेल में रहने को मजबूर मनीष सिसोदिया की जमानत की खबर आते ही आम आदमी पार्टी जश्न में डूब गई। पार्टी मुख्यालय पर ढोल-नगाड़े बजने लगे और नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताया। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं है। जबकि पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि मनीष सिसोदिया की जमानत सत्य की जीत है। वहीं, सांसद संजय सिंह, मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक दुर्गेश पाठक समेत ‘‘आप’’ के कई अन्य वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के घर पहुंचे और उनके परिवार को बधाई दी।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत पर कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा हमें बार-बार प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया, लेकिन आज हमें बहुत बड़ी जीत मिली है। यह सत्य की जीत है। इस केस में कोई तथ्य या सत्यता नहीं थी, फिर भी हमारे नेताओं को जबरन जेल में रखा गया। मनीष सिसोदिया को 17 महीने तक जेल में बंद रखा गया। क्या प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा उनके जीवन के इन 17 महीनों का हिसाब देंगे? ये 17 महीने दिल्ली में और अधिक स्कूल बनाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में इस्तेमाल हो सकते थे। इन लोगों ने मनीष सिसोदिया को फर्जी केस में फंसाकर उनके जीवन के कीमती 17 महीने बर्बाद किए और उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी। हम पहले दिन से कह रहे हैं कि इस केस में कुछ नहीं है। देश और दिल्ली की जनता इसका जवाब देगी।
संजय सिंह ने आगे कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट का दिल से आभार व्यक्त करते हैं और सिर झुकाकर नमन करते हैं कि लंबे इंतजार के बाद हमें आखिरकार न्याय मिला। आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया के पक्ष में आए इस कोर्ट के फैसले से पार्टी का हर एक कार्यकर्ता उत्साहित है। दिल्ली और देश के नागरिक इस फैसले से खुश हैं, क्योंकि वे मानते थे कि हमारे नेताओं के साथ जोर-जबरदस्ती और अन्याय हुआ है। हमारे नेता अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन को अभी भी जेल में रखा गया है। हमें उम्मीद है कि उन्हें भी जल्द न्याय मिलेगा और वे भी रिहा होंगे। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला केंद्र की तानाशाही के मुंह पर एक जोरदार तमाचा है। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा वाले तो उनकी गर्दन दबाकर मरवाने के लिए भी तैयार हैं। भाजपा नफरत और घृणा ने भरी हुई पार्टी है। उनके आचरण और मानसिकता में तानाशाही है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देशवासियों के लिए आज बेहद खुशी का दिन है। मनीष सिसोदिया ने पूरे देश में शिक्षा का एक शानदार मॉडल प्रस्तुत किया, लेकिन एक फर्जी केस में बिना किसी तथ्य और सबूत के 17 महीनों तक इस देश की तानाशाह सरकार ने उन्हें जेल में रखा। आज सत्य की जीत हुई हैं। हम सभी लोग और पूरी दिलील सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद कर रही है कि देर से ही सही, लेकिन एक सही फैसला मिला है।
“आप” के वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज पूरे देश की न्यायपालिका के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण पेश किया है। सुप्रीम कोर्ट ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर जो टिप्पणियां की हैं, उससे देश की सभी हाईकोर्ट और लोअर कोर्ट को यह सीखना चाहिए कि जमानत हर व्यक्ति का अधिकार है, जबकि जेल एक अपवाद मात्र है। महीनों से एजेंसियों की जांच खत्म नहीं हो पा रही है और वो अपना ट्रायल भी पूरा नहीं कर रही हैं। इन्होंने ट्रायल के नाम पर हजारों पन्नों के दस्तावेज जोड़ दिए और सैकड़ों झूठे गवाहों की सूची लगा दी। पहले ये जांच एजेंसियां कह रही थीं कि वो 6 से 8 महीने में ट्रायल खत्म कर देंगी, लेकिन इतना समय बीत जाने के बाद भी अब तक ट्रायल शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में वो किसी को कैसे जेल में रख सकते हैं? यह केवल केंद्र की भाजपा सरकार का षड्यंत्र है कि विपक्ष के नेताओं पर झूठे और फर्जी मुकदमे डालकर ट्रायल को लंबा खींचा जाए और पीएमएलए जैसे काले कानून के तहत विपक्ष के बड़े-बड़े नेताओं को जेल में रखा जाए। आज सुप्रीम कोर्ट के इस बड़े फैसले से पीएमएलए के तहत जितने भी राजनीतिक बंदी जेल में बंद हैं या न्यायिक हिरासत में हैं, उनके लिए एक नया रास्ता खुला है।
मनीष सिसोदिया की जमानत के बाद सामान्य तौर पर उनके कार्य करने के सवाल पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को केवल चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत मिली थी, जबकि मनीष सिसोदिया को नियमित जमानत मिली है। क्योंकि वे इतने समय तक जेल में रहे, लेकिन आज तक उनके खिलाफ एक भी मामला साबित नहीं हुआ है। इसलिए जब तक ट्रायल चलेगी, तब तक उन्हें जेल में नहीं रखा जा सकता है। जमानत मिलने के बाद वे सामान्य तरीके से अपने सारे काम करेंगे।
पार्टी मुख्यालय पर ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुआ जश्न
पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत की खबर बाहर आते ही पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया जाने लगा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर पार्टी नेता झूमने लगे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दिए। पार्टी नेताओं ने मनीष सिसोदिया की जमानत को सत्य की जीत बताया और कहा कि जल्द ही सीएम अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन भी जेल से रिहा होंगे। इस दौरान सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय समेत तमाम नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
सिसोदिया की ज़मानत से जश्न में डूबा आम आदमी पार्टी कार्यालय और दिल्ली के लोग
शिक्षा क्रांति के जनक मनीष सिसोदिया की जमानत के बाद आम आदमी पार्टी कार्यालय के साथ दिल्ली की जनता भी जश्न में डूब गई। दिल्ली में जगह-जगह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भाजपा की साजिश पर करारा तमाचा बताया।
मनीष सिसोदिया के घर पर ख़ुशी का माहौल
सुप्रीम कोर्ट से मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने के बाद उनके परिवार में जबरदस्त खुशी का माहौल है। करीब 17 महीने बाद मनीष सिसोदिया अपने परिवार से मिलेंगे। परिवार में उनकी पत्नी व अन्य सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
मनीष सिसोदिया की पत्नी से मिलने उनके घर पहुंचे ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत मिलने के बाद उनके घर पार्टी नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया। आम आदमी पार्टी राज्यसभा सांसद संजय सिंह, मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक दुर्गेश पाठक समेत अन्य कई वरिष्ठ नेता भी उनके घर पहुंचे और जमानत मिलने पर उनकी पत्नी को बधाई दी। इससे पहले, जमानत की खबर मिलने के कुछ देर बाद ही सांसद संजय सिंह की पत्नी अनिता सिंह, वरिष्ठ नेता रीना गुप्ता समेत कई अन्य नेताओं ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी।