आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉक्टर संदीप पाठक ने ‘बूथ मीटिंग तैयारी’ को लेकर पंडित रविशंकर शुक्ल लेन स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को एक अहम बैठक की। इस बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री, जिला अध्यक्ष, जिला सचिव और अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में डॉ संदीप पाठक ने सभी कार्यकर्ताओं में दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह भरा। संदीप पाठक ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी पूरी तरीके से तैयार है। दिल्ली में हमारा संगठन पहले से ही काफी मजबूत है जिसे और ज्यादा मजबूती तक लेकर जाना है। हमें प्रदेश के हर बूथ को मजबूत बनाना है।
राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने आगे कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे भाजपा फिर से हमारे खिलाफ षड्यंत्र रचेगी। हमें भाजपा के किसी भी षड्यंत्र में नहीं फंसना है। हमें सिर्फ काम की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करना है। हम सबको मिलकर अरविंद केजरीवाल जी को फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना है। जब तक अरविंद केजरीवाल जी फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री नहीं बन जाते तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। अरविंद केजरीवाल जी कट्टर ईमानदार नेता हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी को छोड़ने से पहले एक बार भी नहीं सोचा। आज के समय में अगर किसी के पास कोई छोटा पद भी हो तब भी वह उसे नहीं छोड़ता लेकिन अरविंद केजरीवाल जी ने तो दिल्ली के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। इसी से ही उनकी ईमानदारी साबित हो जाती है। अरविंद केजरीवाल जी को कुर्सी से नहीं, दिल्ली की जनता से प्यार है। दिल्ली के लोगों के लिए वह रात दिन काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने फर्जी केस में फंसाकर अरविंद केजरीवाल जी को जेल के अंदर बंद कर दिया था। उनपर झूठे आरोप लगाए गए। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को तोड़ने की पूरी कोशिश की लेकिन आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता ने भाजपा के साथ समझौता नहीं किया। आम आदमी पार्टी का कोई भी नेता भाजपा के सामने नहीं झुका। अब हमारे लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल जी जेल से छूटकर हमारे बीच आ चुके हैं। अब बीजेपी का कोई भी षड्यंत्र दिल्ली में कामयाब होने वाला नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी एक बार फिर से दिल्ली में जीत का परचम लहराएगी। हम सभी को मिलकर अरविंद केजरीवाल जी को फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने के लिए रात दिन मेहनत करने है। हम हर बूथ को मजबूत करेंगे। हम आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली में किए जा रहे शानदार कामों को दिल्ली के एक-एक घर तक लेकर जाएंगे।